पत्नी को बैंक के बाहर बुलाकर मारी गोली, घर पहुंचकर बहन की हत्या के बाद खुदकुशी; WhatsApp Status में लिखा- ‘धोखा दिया’
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। गोमतीनगर थाना क्षेत्र में SBI के फील्ड ऑफिसर मानस ने अपनी बैंक मैनेजर पत्नी दिव्या मिश्रा और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बैंक के बाहर पत्नी को बुलाया, बातचीत के बाद मारी गोली
बताया जा रहा है कि मानस गुरुवार दोपहर कार से ICICI बैंक पहुंचा। वहां उसने फोन कर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को ऑफिस से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने पत्नी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू की गई।
2 किलोमीटर दूर घर पहुंचा, बहन को भी मारी गोली
पत्नी पर गोली चलाने के बाद मानस करीब दो किलोमीटर दूर स्थित अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय वह काफी पसीने में था। घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
कुछ देर बाद घर के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में मानस और उसकी बहन खून से लथपथ पड़े मिले। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
कमरे में टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी।
WhatsApp Status ने बढ़ाया रहस्य
घटना से पहले मानस के WhatsApp Status ने पुलिस की जांच को एक अहम दिशा दी है। बताया जा रहा है कि उसने स्टेटस में ‘धोखा दिया’ लिखा था। हालांकि उसने यह किसके लिए लिखा था और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
मृतक दिव्या मिश्रा यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन बताई जा रही हैं।
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मानस ने पत्नी और बहन की हत्या क्यों की और फिर खुदकुशी जैसा कदम क्यों उठाया। WhatsApp Status, मोबाइल फोन, बैंक से जुड़े रिकॉर्ड और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल वारदात की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच के बाद ही इस खौफनाक हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आने की उम्मीद है।














