भोपाल। रक्षाबंधन से पहले मध्य प्रदेश की महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से सिंगल क्लिक के जरिए कुल 311 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।इसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख से अधिक बुजुर्गों और दिव्यांगों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि दी गई। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में गैस सिलेंडर रिफिल की दो माह की सब्सिडी भी पहुंचाई गई।
35 लाख से ज्यादा बुजुर्ग-दिव्यांगों को 211 करोड़
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में 211 करोड़ 53 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में दी गई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार के लिए नागरिकों का सम्मान और उनकी खुशी सबसे महत्वपूर्ण है। त्योहारों को देखते हुए बुजुर्गों को समय पर पेंशन राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
22 लाख बहनों के खातों में 99 करोड़
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में अप्रैल और मई 2026 की गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी ट्रांसफर की गई। इसके लिए सरकार ने करीब 99 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन का महीना बहनों के लिए विशेष होता है और रक्षाबंधन से पहले सरकार की ओर से यह उनके लिए उपहार है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी आह्वान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने और अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। कार्यक्रम को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों परिवारों को त्योहार से पहले सीधे आर्थिक राहत मिली है।














