संगारेड्डी में काम से लौट रही कर्नाटक की 11 महिला मजदूरों से भरे ऑटो को ट्रक ने मारी टक्कर; मृतकों में ऑटो ड्राइवर और 5 महिलाएं शामिल, अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल

संगारेड्डी। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। हादसा सतवार एक्स रोड पर रात करीब 8 बजे हुआ, जब एक ऑटो-रिक्शा और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, ऑटो में ड्राइवर के अलावा 11 महिलाएं सवार थीं। ये सभी महिलाएं कर्नाटक के बीदर जिले की रहने वाली थीं और कृषि मजदूर के रूप में काम करती थीं। दिनभर काम करने के बाद सभी महिलाएं ऑटो से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सतवार एक्स रोड पर ऑटो की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो ड्राइवर समेत 5 महिला मजदूरों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्रियों को तत्काल जहीराबाद और संगारेड्डी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक और ऑटो के बीच टक्कर किस वजह से हुई और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। इससे पहले 10 अगस्त को तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। हैदर्शाकोट इलाके में सुबह करीब 5:30 बजे एक XUV ने मोटरसाइकिल समेत तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी थी। हादसे में 47 वर्षीय रिटायर्ड आर्मी जवान रविंदर की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय रविंदर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार XUV ने उनकी बाइक समेत दो अन्य दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद XUV चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। तेलंगाना में लगातार सामने आ रहे इन सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। संगारेड्डी हादसे में एक साथ छह लोगों की मौत से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है, वहीं घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद की जा रही है।














