नरसिंहपुर/गोटेगांव। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र से सरकारी स्कूल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम राजा कछार स्थित शासकीय स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्राएं स्कूल परिसर में बर्तन धोती और चाय बनाती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
![]()
छात्राओं से कराया जा रहा था काम
वायरल वीडियो में छात्राओं से स्कूल में इस्तेमाल किए गए बर्तनों की सफाई कराने का आरोप लगाया जा रहा है। इसके अलावा छात्राओं से चाय बनवाने की बात भी सामने आई है। वीडियो के सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर स्कूली बच्चों से इस तरह का काम किसके निर्देश पर कराया जा रहा था। अभिभावकों का कहना है कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल की उम्मीद में स्कूल भेजते हैं। ऐसे में यदि पढ़ाई के समय छात्राओं से घरेलू काम कराया जाता है, तो यह स्कूल की कार्यप्रणाली और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय है।
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में बच्चों से इस तरह के कार्य कराने के बजाय उनका पूरा समय पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों में लगना चाहिए।
शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया है। गोटेगांव के बीईओ सिद्धांत बागड़ें ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल के प्रधान पाठक और संबंधित स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच में यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना किन परिस्थितियों में हुई और छात्राओं से काम किसके कहने पर कराया गया, इसकी आधिकारिक जांच होना बाकी है। शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। लेकिन इस घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले शैक्षणिक और सुरक्षित वातावरण को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।














