पाल। राजधानी भोपाल के सार्वजनिक परिवहन को बड़ी सौगात मिली है। शहर में पहली बार एयर कंडीशंड (AC) ई-बसों का संचालन आम यात्रियों के लिए शुरू कर दिया गया है। टिकटिंग सॉफ्टवेयर की टेस्टिंग और ट्रायल रन सफल होने के बाद गुरुवार सुबह से 10 ई-बसें तीन प्रमुख रूटों पर दौड़ने लगीं। पहले चरण में बसों का संचालन चिरायु हॉस्पिटल–डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन–बैरागढ़ चिचली, चिरायु हॉस्पिटल–डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन और डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन–कोच फैक्ट्री रूट पर किया जा रहा है। इसके अलावा कोलार से एमपी नगर के बीच भी ई-बसों का संचालन शुरू हो चुका है। सबसे खास बात यह है कि एसी सुविधा मिलने के बावजूद यात्रियों को अतिरिक्त किराया नहीं देना होगा। इन बसों का न्यूनतम किराया ₹7 और अधिकतम ₹40 रखा गया है, जो मौजूदा लाल सिटी बसों के किराए के बराबर है। फिलहाल शहर में 30 ई-बसें पहुंच चुकी हैं। पहले चरण में 10 बसें चलाई जा रही हैं, जबकि दूसरे चरण में 10 और बसें शुरू होंगी। 15 अगस्त को औपचारिक लोकार्पण के बाद सभी 30 ई-बसें शहर की सड़कों पर दौड़ने लगेंगी।नई ई-बसें शहर के मौजूदा बस स्टॉप पर ही रुक रही हैं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। हालांकि, बसों की समय-सारिणी को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इन बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए हाइड्रोलिक डोर, व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल के लिए विशेष स्थान जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














