भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात भोपाल पहुंचेंगे और शनिवार को राजधानी में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। करीब 23 घंटे के दौरे में शाह का सबसे प्रमुख कार्यक्रम भेल दशहरा मैदान में होने वाला राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन है, जिसमें प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य शामिल होने की जानकारी है। शाह शुक्रवार रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उनके रात करीब 8 बजे भोपाल से रवाना होने का कार्यक्रम है। दौरे का फोकस पशुपालन, डेयरी, सहकारिता के साथ नए आपराधिक कानून, उच्च शिक्षा और सड़क अधोसंरचना से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर रहेगा।

भेल मैदान में जुटेंगे 35 हजार से ज्यादा गोपालक
अमित शाह के दौरे का सबसे बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन होगा। इसमें भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम समेत कई जिलों से पशुपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों के पहुंचने की जानकारी है। सम्मेलन में कृषक कल्याण वर्ष के तहत किए गए कार्यों और बलराम कृषि महोत्सव से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग की योजनाओं और कामकाज का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा।
पशुपालकों को बोनस, गौशालाओं को आर्थिक सहायता
सम्मेलन के दौरान भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस वितरित किए जाने का कार्यक्रम है। इसके अलावा गौशालाओं के लिए आर्थिक सहायता, गोपालक दीदियों के सम्मान और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे।
₹16.80 करोड़ का डेयरी प्लांट भी एजेंडे में
शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन भी करेंगे। रिपोर्टों के मुताबिक इस प्लांट पर ₹16.80 करोड़ की लागत आई है और इसकी प्रस्तावित क्षमता प्रतिदिन 40 हजार लीटर दूध के प्रसंस्करण की है। यहां दूध के साथ दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे वैल्यू-एडेड डेयरी उत्पाद तैयार करने की क्षमता विकसित की गई है। इसके अलावा उज्जैन में प्रस्तावित ₹255 करोड़ के डेयरी प्लांट से जुड़ा कार्यक्रम भी शाह के दौरे में शामिल है।
नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी
गृह मंत्री के दौरे में नए आपराधिक कानूनों और पुलिसिंग में हुए बदलावों पर आधारित प्रदर्शनी भी रखी गई है। शाह इस प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। इसके जरिए नए कानूनों में हुए बदलाव और पुलिस व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
IISER-ATRI कैंपस की आधारशिला
शाह भोपाल के पास IISER-ATRI कैंपस की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसी दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
CM मोहन यादव ने तैयारियों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमित शाह के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की है। अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन समेत सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अमित शाह का यह दौरा मध्यप्रदेश में पशुपालन और डेयरी सहकारिता से जुड़े कार्यक्रमों के साथ-साथ कानून व्यवस्था, उच्च शिक्षा और सड़क अधोसंरचना से जुड़े कई सरकारी कार्यक्रमों को एक साथ जोड़ रहा है। शनिवार को उनके अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रात में दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।













