कोलकाता/बीरभूम। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पूर्व बस ड्राइवर के घर से करीब ₹50 करोड़ की संपत्ति बरामद की है। छापेमारी के दौरान ₹28.5 करोड़ से अधिक नकदी और 15 किलोग्राम सोना मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹21.5 करोड़ बताई जा रही है। बरामद नकदी इतनी अधिक थी कि उसे गिनने के दौरान पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं।
पुलिस ने इस मामले में मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच के अनुसार, मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था। बाद में उसने पत्थर (स्टोन) कारोबार से जुड़कर काम शुरू किया। वह फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का मैनेजर और रिश्ते में साला बताया जा रहा है।तुलु मंडल का नाम पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। वर्ष 2024 में उसने अपनी बेटी की कथित तौर पर करीब 100 करोड़ रुपये की आलीशान शादी कराई थी, जिसकी पूरे राज्य में चर्चा हुई थी। फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।जांच एजेंसियां इस मामले के राजनीतिक और कारोबारी संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। बताया जा रहा है कि तुलु मंडल को पूर्व TMC नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। अनुब्रत मंडल जून में टीएमसी के बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी के गुट में शामिल हो गए थे।इस कार्रवाई पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर छापेमारी की तस्वीरें साझा करते हुए इसे बड़ी सफलता बताया।पुलिस और जांच एजेंसियां बरामद नकदी और सोने के स्रोत, कारोबारी लेन-देन तथा संभावित मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच कर रही हैं। साथ ही फरार आरोपी तुलु मंडल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।














