Home » लपेटा MP » देवास में माता विसर्जन जुलूस में मधुमक्खियों का हमला, 25 लोग घायल; DJ की आवाज से छत्ता भड़कने की आशंका

देवास में माता विसर्जन जुलूस में मधुमक्खियों का हमला, 25 लोग घायल; DJ की आवाज से छत्ता भड़कने की आशंका

Share This Article

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ विकासखंड के अगेरा गांव में सोमवार को माता की मूर्तियों के विसर्जन चल समारोह के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हमले के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 25 लोग घायल हुए, जिनमें से कई को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में भर्ती मरीज।

13 घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार

ग्रामीणों के मुताबिक, मधुमक्खियों के हमले में घायल लोगों में से कुछ को मामूली परेशानी हुई और वे घर लौट गए। वहीं, करीब 13 लोगों को सोनकच्छ के शासकीय सिविल अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, 11 लोगों का निजी अस्पताल में और दो का शासकीय अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

DJ की तेज आवाज से मधुमक्खियां भड़कने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि विसर्जन चल समारोह में बज रहे DJ की तेज आवाज के कारण पेड़ पर मौजूद मधुमक्खियों का छत्ता भड़क गया होगा। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोनकच्छ के बीएमओ डॉ. शैलेंद्र ओरिया के अनुसार, घायलों की हालत चिंताजनक नहीं है और उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

जिले में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

देवास जिले में मधुमक्खियों के हमले की यह हाल के महीनों में सामने आई तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले बागली विकासखंड के पुंजापुरा क्षेत्र में बकरियां चराकर लौट रहे रातातलाई निवासी शेरू पुत्र धन्नालाल मानकर पर मधुमक्खियों ने हमला किया था। उस घटना में उनकी मौत हो गई थी। वहीं, कुछ महीने पहले विजयागंज मंडी क्षेत्र के रालामंडल गांव में निष्कलंकेश्वर महादेव मंदिर जा रही भाजपा की वाहन रैली पर भी मधुमक्खियों ने हमला किया था। उस घटना में करीब एक दर्जन कार्यकर्ता घायल हुए थे।

अगेरा गांव की घटना के बाद धार्मिक आयोजनों में ध्वनि व्यवस्था और आसपास मौजूद पेड़ों व मधुमक्खियों के छत्तों को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This