Home » लपेटा MP » दतिया उपचुनाव में हार पर CM मोहन यादव बोले- ‘कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास’, कहा- अगले चुनाव में और ताकत से लड़ेंगे

दतिया उपचुनाव में हार पर CM मोहन यादव बोले- ‘कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास’, कहा- अगले चुनाव में और ताकत से लड़ेंगे

Share This Article

भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा की हार पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और जनता ने जो निर्णय दिया है, उसे पार्टी शिरोधार्य करती है। उन्होंने कहा कि दतिया कांग्रेस की सीट थी और कांग्रेस के पास ही रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार करीब 1700 वोट अधिक मिले हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति जनता का विश्वास कायम है और आने वाले चुनाव में भाजपा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और जीत हासिल करेगी।सीएम मोहन यादव ने कहा, “कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास है। पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में हमने 1700 वोट ज्यादा पाए हैं। जनतंत्र में हमारे प्रति जनता का विश्वास है। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी बात जनता के सामने रखी और जनता ने जो निर्णय दिया, उसे हम शिरोधार्य करते हैं।”उन्होंने भाजपा के पिछले चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की। इसके अलावा बुधनी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने अपनी सीट वापस हासिल की, जबकि अमरवाड़ा की कांग्रेस सीट पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भाजपा का अब तक का चुनावी ट्रैक रिकॉर्ड है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले चुनावों में पार्टी और अधिक ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और जीत दर्ज करेगी।

 

6 हजार से ज्यादा वोटों से जीते घनश्याम सिंह

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को करीब 6 हजार वोटों के अंतर से हराया। इस जीत के साथ कांग्रेस ने दतिया विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद कराया गया था। उन्हें एक धोखाधड़ी के मामले में अदालत से सजा मिलने के बाद विधानसभा की सदस्यता गंवानी पड़ी थी। इसके बाद दतिया सीट रिक्त घोषित की गई और उपचुनाव हुआ।

2023 में नरोत्तम मिश्रा को हराया था

दतिया विधानसभा सीट पर 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराया था। इस बार भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा, लेकिन वे कांग्रेस के घनश्याम सिंह को मात नहीं दे सके।

कांग्रेस ने इस जीत को भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के रुख के तौर पर पेश किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे दतिया की जनता की जीत बताते हुए 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करार दिया है। वहीं, भाजपा ने परिणाम को स्वीकार करते हुए आगामी चुनावों में और मजबूती के साथ मैदान में उतरने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This