मोदी कैबिनेट की अहम बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर, PM-KISAN योजना 2030-31 तक जारी रहेगी; ‘समुद्र मंथन’ योजना से बढ़ेगी देश में तेल और गैस की खोज। नई दिल्ली।
![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट और आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की बैठक में किसानों, ऊर्जा और खेल क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाने के साथ ही तेल और गैस की खोज के लिए ‘समुद्र मंथन’ योजना को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि PM-KISAN योजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक बढ़ा दिया गया है। इस योजना के लिए सरकार ने 3.15 लाख करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। योजना के तहत पात्र किसानों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में मिलती रहेगी।इसके अलावा कैबिनेट ने ‘समुद्र मंथन’ योजना को भी मंजूरी दी है। इस योजना के तहत देश में तेल और प्राकृतिक गैस के नए भंडारों की खोज के लिए 84,084 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इससे घरेलू उत्पादन बढ़ेगा, आयात पर निर्भरता कम होगी और भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।बैठक में सूर्य सरोवर योजना, खेलो इंडिया सहित कई अन्य विकास योजनाओं पर भी निर्णय लिए गए। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से कृषि, ऊर्जा, खेल और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।सरकार के अनुसार, कैबिनेट के ये फैसले किसानों की आय बढ़ाने, ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने और देश के समग्र विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।














