नई दिल्ली। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पूरा ‘वंदे मातरम’ बजाए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद रहे।दरअसल, कांग्रेस मुख्यालय में इस बार ‘वंदे मातरम’ का पूरा संस्करण बजाया गया। इसके बाद कुछ कांग्रेस नेताओं के असहज नजर आने को लेकर सवाल उठने लगे। इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रतिक्रिया दी।पहले दो छंद ही गाए जाते थे
अब तक सार्वजनिक कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के शुरुआती दो छंद ही अधिकतर गाए जाते रहे हैं। लेकिन हाल ही में संसद के मानसून सत्र के दौरान सरकार ने इसके पूर्ण संस्करण को लेकर नया कदम उठाया और इसे राष्ट्रगान के समान कानूनी संरक्षण दिए जाने की बात सामने आई।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
स्वतंत्रता दिवस के लाल किले समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के शामिल नहीं होने को लेकर भी बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। बीजेपी ने इसे स्वतंत्रता दिवस समारोह का अपमान बताया।
इसके जवाब में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि उसे हर बात में अपमान नजर आता है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में बीजेपी की भूमिका पर भी सवाल उठाया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस मुख्यालय में पूरा ‘वंदे मातरम’ बजना और उसके बाद नेताओं की प्रतिक्रिया अब राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गया है।














