इंदौर: शहर में इन दिनों एक अनोखी बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि डीजे की धुन पर बारात तो निकल रही है, लेकिन उसमें बाराती नजर नहीं आ रहे। घोड़ी पर सिर्फ दूल्हा सवार है और उसके साथ गिने-चुने लोग दिखाई दे रहे हैं। इस अनोखे नजारे को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो राजमोहल्ला चौराहे के पास का है, जहां से बारात मालगंज की ओर जाती दिखाई दे रही है। हालांकि, वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रही बारात किसकी है, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बारिश में निकली ‘साइलेंट बारात’
वीडियो में दूल्हा बारिश के बीच घोड़ी पर सवार होकर आगे बढ़ता नजर आ रहा है। उसके साथ केवल चार लोग दिखाई देते हैं—दो ढोल वादक, एक घोड़ी संचालक और एक व्यक्ति जो दूल्हे के ऊपर छाता पकड़े हुए चल रहा है। आमतौर पर बारात में होने वाली भीड़, नाच-गाना और रिश्तेदारों का उत्साह इस वीडियो में बिल्कुल नजर नहीं आता।
डीजे बजा, लेकिन नाचने वाला कोई नहीं
बारात के आगे डीजे की गाड़ी चल रही है, जिस पर ‘पल पल ना माने टिंकू जिया’ गाना बज रहा है। बावजूद इसके न तो कोई बाराती डांस करता दिखाई देता है और न ही दूल्हे के पीछे लोगों की भीड़ नजर आती है। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे बारिश का असर बता रहे हैं, तो कुछ इसे सादगीपूर्ण शादी का उदाहरण मान रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता, बारात की पहचान और घटना की तारीख को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।














