दो दिवसीय बैठक में शिक्षा, E20 पेट्रोल और जंतर-मंतर आंदोलन की समीक्षा, झारखंड के छात्रों के समर्थन का भी ऐलान

छत्रपति संभाजीनगर-
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि उनका संगठन फिलहाल राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि देश को इस समय किसी नई राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने वाले एक प्रभावी जन-आंदोलन और प्रेशर ग्रुप की जरूरत है। इसी उद्देश्य से CJP आगे काम करेगी। बुधवार से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में CJP की दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक शुरू हुई। बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में दीपके ने कहा कि यदि संगठन राजनीतिक पार्टी के रूप में सामने आता, तो जंतर-मंतर आंदोलन को इतना व्यापक समर्थन नहीं मिलता। उन्होंने दावा किया कि अलग-अलग विचारधाराओं और राजनीतिक दलों के लोगों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आंदोलन का समर्थन किया। दीपके ने कहा कि बैठक में जंतर-मंतर आंदोलन की समीक्षा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, E20 पेट्रोल सहित कई राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन के देशभर में विस्तार और जनसंपर्क अभियान की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि लोगों का समर्थन केवल शिक्षा से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनीतिक व्यवस्था, न्यायपालिका, मीडिया और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं में घटते भरोसे को लेकर भी जनता चिंतित है। ऐसे में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास बहाल करने के लिए व्यापक जन-दबाव और जन-आंदोलन की आवश्यकता है। अभिजीत दीपके ने यह भी घोषणा की कि CJP जल्द ही झारखंड जाएगी और वहां आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन छात्रों की सभी लोकतांत्रिक मांगों का समर्थन करेगा। वहीं, CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि छात्र प्रदर्शनकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने को लेकर सरकार से बातचीत जारी है। साथ ही आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्रों को कानूनी और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है।














