इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र के तपेश्वरी बाग में युवती की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि शादी से इनकार करने पर आरोपी ने गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को तपेश्वरी बाग क्षेत्र में एक युवती का जला हुआ शव मिलने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के मित्र मयंक शाक्य, निवासी डबरा, को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
![]()
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों पिछले पांच वर्षों से रिश्ते में थे। जब युवती ने शादी से इनकार किया तो वह गुस्से में आ गया और उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या या हादसा दिखाने के उद्देश्य से शव में आग लगा दी।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।














