नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को प्रधानमंत्री आवास के निकट जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेता लोक कल्याण मार्ग पहुंचकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस सांसदों और नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से पैदल मार्च निकाला। प्रधानमंत्री आवास के निकट पहुंचने पर उन्होंने धरना शुरू कर दिया। इस दौरान “प्रधानमंत्री इस्तीफा दो” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” के नारे लगाए गए। स्थिति को देखते हुए लोक कल्याण मार्ग पर बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बल और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए।

राहुल गांधी से मिले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
धरना स्थल पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने सरकार की ओर से राहुल गांधी को प्रदर्शन समाप्त करने और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराने का प्रस्ताव दिया।हालांकि कांग्रेस सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि उनकी प्राथमिक मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है और जब तक इस पर फैसला नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई अनुचित थी और केंद्र सरकार युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही से बच रही है। पार्टी का कहना है कि सरकार संसद में इस विषय पर चर्चा से भी बचने की कोशिश कर रही है।
कई कार्यकर्ता हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी और अतिरिक्त बल तैनात किया। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।













