दिल्ली: CJP के संसद मार्च में बवाल, पुलिस का लाठीचार्ज; रिपोर्टर समेत कई घायल
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान सोमवार को राजधानी दिल्ली में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े।इस दौरान मौके पर मौजूद रिपोर्टर उदय भटनागर भी लाठीचार्ज की चपेट में आ गए। बताया गया है कि घटना में उन्हें चोटें आई हैं।
प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, कई घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। लाठीचार्ज और आंसू गैस के कारण कई प्रदर्शनकारियों के घायल होने की सूचना है।
मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचा प्रदर्शन
लाठीचार्ज के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशनों तक पहुंच गए। वहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारे लगाए।

रविवार रात से जंतर-मंतर पर जुटने लगे थे प्रदर्शनकारी
संसद मार्च में शामिल होने के लिए प्रदर्शनकारी रविवार रात से ही जंतर-मंतर पर जुटने लगे थे। कई लोगों ने रात फुटपाथ पर बिताई। सोमवार सुबह मार्च शुरू होते ही पुलिस ने सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया। संसद की ओर बढ़ने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई, जिसके बाद बल प्रयोग किया गया।फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।













