ग्वालियर। ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में रेत माफियाओं के बुलंद हौसलों का मामला सामने आया है। टेकनपुर थाना क्षेत्र में रॉयल्टी विवाद के दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही जमकर फायरिंग की गई। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। जानकारी के अनुसार, रेत परिवहन और रॉयल्टी को लेकर हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों ने रेत कंपनी के कर्मचारियों पर हमला कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हथियार निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना के वक्त पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद गोलीबारी होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ हवाई फायरिंग सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रेत माफियाओं के बढ़ते प्रभाव पर सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र में रेत माफियाओं के बढ़ते प्रभाव और प्रशासन की सख्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस की मौजूदगी में ही खुलेआम गोलियां चल सकती हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर है कि आरोपी कब तक गिरफ्तार होते हैं और उनके खिलाफ क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं।














