भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम से छेड़छाड़ कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। शाहपुरा थाना पुलिस ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड अभिषेक कुमार सिंह को बिहार के मुजफ्फरपुर के भगवानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरोह ने एटीएम के लॉक सिस्टम से छेड़छाड़ करने की तकनीक बिहार के एक निजी बैंक कर्मचारी से सीखी थी। आरोपी अभिषेक गिरोह के अन्य सदस्यों को लॉक सिस्टम हैक करने की ट्रेनिंग देता था और उन्हें कथित तौर पर मास्टर-की उपलब्ध कराता था। पुलिस अब इस मास्टर-की को तैयार करने वाले और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना बिहार के गया का रहने वाला विपुल कुमार उर्फ सोनू है, जो भोपाल के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज का पूर्व छात्र रह चुका है। उसी ने अपने साथियों को बिहार से भोपाल बुलाकर शाहपुरा, कोलार और अशोका गार्डन समेत कई इलाकों में एसबीआई के एटीएम को निशाना बनाया। गिरोह के सदस्य अलग-अलग पेशों से जुड़े थे। इनमें इंजीनियरिंग का छात्र, होटल संचालक और मजदूरी करने वाले युवक शामिल थे, जिससे उन पर आसानी से किसी को शक नहीं होता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह ने पिछले 10 से 15 दिनों में करीब 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी मास्टर-की की मदद से एटीएम के लॉक सिस्टम में छेड़छाड़ करते थे, जिससे ग्राहकों की नकदी मशीन के अंदर फंस जाती थी। ग्राहक के वहां से चले जाने के बाद आरोपी प्लास्टिक स्ट्रिप और अन्य उपकरणों की सहायता से फंसी हुई रकम निकाल लेते थे। थाना प्रभारी संतोष मसराम ने बताया कि पुलिस को कई एटीएम के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, सख्ती से पूछताछ के बाद उसने बिहार के छपरा बाईपास क्षेत्र में होटल संचालित करने की बात स्वीकार की है। पुलिस पूरे गिरोह और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।














