रतलाम की जिला स्तरीय जनसुनवाई में मंगलवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। शिवपुर गांव के ग्रामीण अपने स्कूली बच्चों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। बच्चों के हाथों में जनसुनवाई बंद करो और हमें सड़क चाहिए जैसी तख्तियां थीं। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले चार वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगातार जनसुनवाई में आ रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की जर्जर सड़क के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को उठानी पड़ रही है। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। कई बार शिकायत करने और जनसुनवाई में आवेदन देने के बावजूद सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ। आखिरकार अपनी पीड़ा को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए ग्रामीण बच्चों को साथ लेकर जनसुनवाई में पहुंचे।
![]()
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर निशा सिंह ने ग्रामीणों को अपने चैंबर में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सड़क निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस बार उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और वे अपने बच्चों के साथ वापस लौट गए।














