श्री सिटी में हादसे के बाद मचा हड़कंप, पुलिस और इमरजेंसी टीम ने संभाला मोर्चा; धमाके के कारणों की जांच जारी
तिरुपति। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के श्री सिटी स्थित एक फॉर्मा कंपनी में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 5 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

बताया गया कि कंपनी परिसर में अचानक बॉयलर फट गया। तेज धमाके के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है। राहत-बचाव दल कंपनी परिसर में स्थिति को नियंत्रित करने और किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को लेकर भी जांच कर रहे हैं।
धमाके की वजह स्पष्ट नहीं
यह हादसा सत्यवेडु मंडल क्षेत्र में हुआ। फिलहाल बॉयलर फटने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। हादसे के कारणों के साथ-साथ कंपनी में सुरक्षा मानकों और घटना के समय की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।













