देहरादून में बरसाती नदी में बही कार, अल्मोड़ा में मलबे से 3 की मौत; केदारनाथ यात्रा फिर शुरू, चित्रकूट में 80 से ज्यादा घर ढहे

देहरादून। उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश अब जान-माल पर भारी पड़ रही है। उत्तराखंड में बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन से हालात बिगड़ गए हैं। देहरादून में तेज बारिश के बाद उफनाई बरसाती नदी में एक कार बह गई, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लड़की को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अल्मोड़ा के उड़यूड़ा गांव में पहाड़ी से अचानक भारी मलबा आने से एक मकान इसकी चपेट में आ गया। घर में सो रहे तीन लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं, दीवार गिरने की एक अन्य घटना में दो नेपाली मजदूरों की भी जान चली गई। नैनीताल के भीमताल में नाले के तेज बहाव में बहने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के पास एक झील से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। लगातार बारिश के चलते कुछ समय के लिए रोकी गई केदारनाथ यात्रा अब मौसम में सुधार के बाद फिर शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और 80 से ज्यादा कच्चे मकान गिरने की जानकारी सामने आई है। बिहार के जहानाबाद में भी दरधा नदी का पानी अचानक बढ़ने से जाफरगंज पुल पर दो फीट से ज्यादा पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी और राहत-बचाव की तैयारियां जारी हैं। बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।















