जमीन का सौदा करने से नाराज थे बेटे, लाठी-डंडों से किया हमला; राहगीरों ने दंपती को बचाया, दोनों के खिलाफ केस दर्ज

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के इंदापुर में जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन का सौदा किए जाने से नाराज दो बेटों ने अपने बुजुर्ग माता-पिता को बीच सड़क पर रोककर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना 30 अगस्त की शाम की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय किसान तुकाराम राउत अपनी बीमार पत्नी अंजना के साथ शाम को टहलने निकले थे। इसी दौरान उनके दोनों बेटे कार से वहां पहुंचे और मां के नाम पर मौजूद जमीन को बेचने के फैसले को लेकर दोनों से सवाल-जवाब करने लगे। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद बेटों ने अपने माता-पिता पर डंडों से हमला कर दिया। अचानक सड़क पर हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दंपती को बेटों से बचाया और इलाज के लिए इंदापुर उप-जिला अस्पताल पहुंचाया। हमले में तुकाराम राउत के चेहरे, पीठ, कंधे और जांघ पर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी अंजना की कलाई और कमर में चोट लगी है। तुकाराम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि दोनों बेटों ने उन्हें धमकी दी है कि अगर जमीन का सौदा रद्द नहीं किया गया तो वे उनकी हत्या कर देंगे। दोनों आरोपी बेटे अपने-अपने परिवार के साथ इंदापुर के मालवाड़ी इलाके में अलग-अलग रहते हैं। शिकायत के आधार पर इंदापुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।














